खण्ड-1 स्वप्न और शंका
(अध्याय-1 बाहरी वैभव और आंतरिक शून्यता)
रात्रि का अंतिम प्रहर.............. नगर के विशाल द्वार स्वर्णाभ से दमक रहे थे। राजपथों पर बिखरे पुष्प यह आभास दे रहे थे मानो संपूर्ण राज्य समृद्धि और उत्सव में मग्न हो। प्रजाजनों के मुख पर संतोष की मुस्कान दिखाई दे रही थी, पर वह केवल एक आभास था सत्य नहीं। वह संतोष उतना ही वास्तविक था जितना शांत जल पर झलकता चंद्रमा-सुंदर अवश्य, किंतु स्पर्श करते ही विलीन हो जाने वाला।
शिवपुरी के राजमहल के प्रकोष्ठों में दीपक जल रहे थे। उनकी लौ अंधकार को दूर करने का प्रयत्न कर रही थी, परंतु उन दीपकों के प्रकाश से कहीं अधिक गहरी वह छाया थी, जो धीरे-धीरे प्रजा और प्रजापालकों के हृदयों में उठ रही थी। उस रात्रि सरयू का प्रवाह भी कुछ भिन्न था। उसका वेग सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक तीव्र था। उसकी लहरें तटों से टकराकर ऐसा स्वर उत्पन्न कर रही थीं मानो वह स्वयं मानव की उस विचित्र प्रवृत्ति पर प्रश्न उठा रही हो, जिसमें वह बाहर जितना अधिक प्रकाश सजाता है, भीतर उतना ही अधिक अंधकार संचित करता जाता है। नदी के तट पर खड़े विशाल बरगद और पाकड़ के वृक्ष अपनी झुकी हुई शाखाओं से बार-बार जल को स्पर्श कर रहे थे। ऐसा प्रतीत होता था जैसे वे भी सरिता से कोई प्रश्न पूछ रहे हों, और सरयू अपनी अथाह गहराइयों में वह उत्तर छिपाए मौन बहती जा रही हो।
रात्रि का वह प्रहर असाधारण रूप से निस्तब्ध था। संपूर्ण नगर निद्रा में लीन था। गृहों के द्वार बंद थे, गलियाँ शांत थीं, और आकाश में असंख्य तारागण किसी मौन सभा की भाँति स्थिर प्रतीत हो रहे थे। किंतु उसी समय राजमहल के एक एकांत कक्ष में एक व्यक्ति जाग रहा था----सम्राट शतानिक। उनके सम्मुख न कोई शत्रु सेना थी, न किसी युद्ध का संकट। राज्य सुरक्षित था, सीमाएँ शांत थीं, प्रजा व्यवस्थित। फिर भी उनके नेत्रों में विश्राम नहीं था। उनकी दृष्टि कहीं दूर शून्य में टिकी हुई थी, मानो भीतर कोई अदृश्य युद्ध चल रहा हो; ऐसा युद्ध जिसका कोई रणक्षेत्र नहीं, कोई शस्त्र नहीं, और कोई स्पष्ट प्रतिद्वंद्वी भी नहीं।
वे विजेता थे, अनेक संघर्षों में विजय प्राप्त कर चुके थे।
वे रक्षक थे, उनकी भुजाओं ने राज्य को अनेक संकटों से बचाया था।
वे धर्मपालक थे, उनकी न्यायप्रियता का यश दूर-दूर तक फैला हुआ था।
किंतु उस रात्रि एक प्रश्न उनके अंतर्मन में बार-बार उठ रहा था, "क्या मैं स्वयं पर भी विजय प्राप्त कर सका हूँ?"
यह प्रश्न उनके हृदय में किसी अग्नि की भाँति धधक रहा था। उन्होंने धीरे से अपने नेत्रों को मूँदा और स्वयं से प्रश्न किया, "क्या धर्म केवल वही है जो प्रजा देखती है?"
फिर दूसरा प्रश्न, "क्या धर्म यज्ञों की वेदी पर चढ़ाई गई आहुतियों में है, या उस अग्नि में जो मनुष्य के भीतर जलती है?"
कक्ष में कोई उत्तर नहीं था। दीपक की लौ एक क्षण के लिए काँपी, फिर स्थिर हो गई। राजा ने पुनः स्वयं से प्रश्न किया, "क्या धर्म यही है?"
किंतु उत्तर कहीं बाहर नहीं था। वह न शास्त्रों के पृष्ठों में था, न राजसभा की प्रशंसाओं में, न विजय के उद्घोषों में। उत्तर यदि कहीं था, तो स्वयं उनके अपने अंतःकरण की उन गहनतम परतों में, जहाँ पहुँचने का साहस उन्होंने अभी तक नहीं किया था। और शायद उसी उत्तर की खोज में नियति ने एक ऋषि को अलकनंदा के तट से उठाकर उनके द्वार की ओर भेजने को आतुर थी।
उसी क्षण-------राजमहल से दूर, अलकनंदा के पावन तट पर एक और चेतना जागृत थी, अग्नि से उत्पन्न देवपुत्र---महर्षि शांडिल्य, अग्निनाड़ियों के ज्ञाता।
प्रभात की प्रथम किरणें अभी पर्वत-श्रृंखलाओं के पीछे ही ठहरी थीं। आकाश गहन नीलिमा और अरुणिमा के मध्य किसी मौन संवाद में लीन था। उसी अलौकिक बेला में महर्षि शांडिल्य योगमुद्रा में अविचल विराजमान थे। उनके अधरों पर वैदिक मंत्रों की सूक्ष्म जप प्रवाहित हो रही थी। शरीर पूर्णतः स्थिर था, श्वास अत्यंत मंद, और मुखमंडल पर ऐसी शांति विराज रही थी जैसे काल का प्रवाह उनके समीप आकर स्वयं ठहर गया हो। उनकी आँखें बंद थीं, किंतु उनकी दृष्टि सीमित नहीं थी। वह बाह्य नेत्रों की दृष्टि नहीं, अपितु ऋषि-दृष्टि थी, जो राजमहल की दीवारों के पार, राजसभा के शोर से परे, राजा के कक्ष के भीतर और उससे भी गहरे सीधे शतानिक के अंतर्मन तक पहुँच रही थी।